शिमला मिर्च में क्राउन फ्लावर के साथ शुरुआती दो फूल हटाकर बढ़ाएं उपज

शिमला मिर्च की बंपर पैदावार के लिए अपनाएं 'क्राउन फ्लावर' तकनीक। डॉ. राजेंद्र कुकसाल के अनुसार, शुरुआती तीन फूलों को हटाने से कैसे बढ़ती है उपज और फलों की गुणवत्ता? जानें पूरी विधि और फल तुड़ाई के खास टिप्स।

Rajendra Kuksal
3 Min Read

डॉ. राजेंद्र कुकसाल, 17 मार्च, 2026ः शिमला मिर्च की अच्छी पैदावार के लिए अनुकूल जलवायु, जीवांशयुक्त उपजाऊ भूमि, उन्नत किस्मों का चयन, समय पर पौध रोपण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई, निराई- गुड़ाई तथा कीट- रोग नियंत्रण जैसे सभी उपाय आवश्यक होते हैं। इन सबके साथ यदि पॉलीहाउस या खुले खेत में उगाई जाने वाली शिमला मिर्च में पौधों के शुरुआती तीन फूलों को कली अवस्था (Bud Stage) में हटा दिया जाए, तो उपज में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।

क्राउन फ्लावर (Crown / King Flower) क्या है?

शिमला मिर्च के पौधे में मुख्य तने और पहली दो शाखाओं के बीच बनने वाले पहले फूल को क्राउन फ्लावर या किंग फ्लावर कहा जाता है। यह पौधे की शुरुआती अवस्था में बनता है, जब पौधा अभी पूरी तरह मजबूत नहीं होता।यदि इस फूल को फल बनने दिया जाए तो पौधे की अधिकतर ऊर्जा उसी फल के विकास में लग जाती है। इससे शाखाओं का विकास धीमा हो जाता है और आगे आने वाले फूलों व फलों की संख्या कम हो सकती है।

क्यों हटाएँ शुरुआती तीन फूल?

क्राउन फ्लावर के साथ ही शुरुआती दो अन्य फूल हटाने से पौधे की ऊर्जा जड़ों और शाखाओं के विकास में लगती है। इससे पौधा मजबूत बनता है, आगे चलकर अधिक फूल और फल लगते हैं तथा फलों का आकार और गुणवत्ता भी बेहतर होती है।

कब और कैसे हटाएँ?

पौध रोपण के लगभग 30 दिन बाद या जब मुख्य तने पर 15–16 पत्तियाँ आ जाएँ। इस समय पौधे के शीर्ष पर पहला फूल (First Terminal Flower) जिसे क्राउन फ्लावर कहते हैं दिखाई देता है—इसे कली अवस्था में ही सावधानीपूर्वक तोड़ दें। कुछ दिनों बाद मुख्य तने से दो शाखाएँ निकलती हैं और उनके सिरे पर भी एक-एक फूल आता है। इन दोनों फूलों को भी कली अवस्था में हटा दें। यह कार्य सुबह या शाम के समय करना बेहतर रहता है।

फल तुड़ाई संबंधी सुझाव-

1 फलों को बहुत अधिक बड़ा होने तक पौधे पर न छोड़ें।

2 लगभग 200– 250 ग्राम वजन होने पर फल तोड़ लें।

3 सभी फलों की तुड़ाई एक साथ न करें, औसत आकार के फलों को क्रमशः तोड़ते रहें, ताकि नए फल लगातार आते रहें।

इस प्रकार अच्छे फसल प्रबंधन के साथ क्राउन फ्लावर सहित शुरुआती तीन फूल हटाने की सरल तकनीक अपनाकर किसान शिमला मिर्च की खेती में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *